RO.NO. 01
देश

डिजिटल ठगी का नया तरीका: शादी का कार्ड भेजकर 10 मिनट में किया अकाउंट जीरो

बेंगलुरु: डिजिटल युग में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला आईटी सिटी बेंगलुरु का है, जहां एक व्यवसायी के मोबाइल पर आए शादी के कार्ड ने उसकी गाढ़ी कमाई मिनटों में खत्म कर दी।

पीड़ित के बैंक खाते से करीब 5 लाख रुपये साइबर ठगों ने 10 मिनट के भीतर निकाल लिए, जिससे वह पूरी तरह हैरान रह गया।

व्हाट्सएप पर आया ‘शादी कार्ड’ बना जाल

जानकारी के मुताबिक, व्यवसायी के व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से शादी का निमंत्रण भेजा गया था। संदेश में लिखा था कि शादी की पूरी जानकारी के लिए अटैचमेंट डाउनलोड करें।

यह कोई सामान्य कार्ड नहीं था, बल्कि एक खतरनाक ‘APK फाइल’ थी। जैसे ही व्यवसायी ने इसे डाउनलोड किया, उसका फोन साइबर अपराधियों के नियंत्रण में चला गया।

10 मिनट में पूरा अकाउंट खाली

फाइल डाउनलोड होते ही ठगों ने फोन का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद महज 10 मिनट के भीतर कई यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए खाते से 5,00,440 रुपये निकाल लिए गए।

पीड़ित को जब ट्रांजैक्शन के मैसेज मिले, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

साइबर गैंग की आशंका

जांच एजेंसियों को शक है कि यह किसी संगठित साइबर फ्रॉड गैंग का काम हो सकता है, जो इसी तरह के फर्जी मैसेज और APK फाइलें भेजकर लोगों को निशाना बना रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि एक छोटी सी गलती बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button