तेज गर्मी में पेट रहेगा दुरुस्त, अपनाएं ये घरेलू टिप्स

डेस्क: जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, वैसे-वैसे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ने लगती हैं। तेज धूप और उमस भरे मौसम का असर सिर्फ त्वचा पर ही नहीं, बल्कि पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। इस मौसम में लोगों को पेट दर्द, गैस, अपच, दस्त, मतली और भूख कम लगने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कई बार भोजन के बाद भारीपन महसूस होता है, तो कभी खाने की इच्छा ही खत्म हो जाती है। इन दिक्कतों की वजह से शरीर में कमजोरी, थकान और बेचैनी भी बढ़ जाती है। खासतौर पर वे लोग ज्यादा प्रभावित होते हैं जो बाहर का खाना ज्यादा खाते हैं, कम पानी पीते हैं या लंबे समय तक घर से बाहर रहते हैं।
गर्मियों में तापमान बढ़ने के कारण शरीर से पानी तेजी से निकलता है, जिससे डाइजेशन पर असर पड़ता है। वहीं, इस मौसम में खाने-पीने की चीजें जल्दी खराब हो जाती हैं, जिससे बैक्टीरिया पनपते हैं और फूड इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी पेट की समस्याओं को जन्म दे सकती है।
कैसे रखें पेट को दुरुस्त?
- सबसे जरूरी है शरीर को हाइड्रेटेड रखना। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से पाचन तंत्र बेहतर काम करता है।
- बाहर के खाने और बासी भोजन से दूरी बनाएं। ताजा, हल्का और घर का बना भोजन ही प्राथमिकता दें।
- खानपान में फल और हरी सब्जियों को शामिल करें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन पेट को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए इससे बचना बेहतर है।
- पैकेज्ड ड्रिंक्स और दूषित पानी का सेवन न करें, क्योंकि ये संक्रमण का कारण बन सकते हैं।
- यदि पेट से जुड़ी कोई समस्या लगातार बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
इन आसान सावधानियों को अपनाकर आप गर्मियों में पेट से जुड़ी परेशानियों से काफी हद तक बच सकते हैं और खुद को स्वस्थ रख सकते हैं।



