जमीन विवाद में वृद्ध महिला की मौत, 6 आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर : बलरामपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जमीन बंटवारे के विवाद में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सिधमा में जमीन बटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 15 अप्रैल 2026 को आरोपियों ने वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई।
बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरियों पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



