RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

CM साय का सुकमा दौरा: बस्तर स्वास्थ्य अभियान और हाईटेक लैब का शुभारंभ आज

रायपुर, 13 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुकमा और रायपुर में कई अहम कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनका यह दौरा स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को गति देने पर केंद्रित रहेगा।

सुबह मुख्यमंत्री रायपुर स्थित अपने निवास से हेलीकॉप्टर द्वारा सुकमा के लिए रवाना होंगे। सुकमा पहुंचने के बाद उनका पहला कार्यक्रम जिला चिकित्सालय में होगा, जहां वे अटल आरोग्य प्रयोगशाला का उद्घाटन करेंगे। इसके जरिए क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।

इसके बाद मुख्यमंत्री जिले के पुनर्वास केंद्र और विज्ञान उद्यान का दौरा करेंगे। यहां वे आभासी वास्तविकता प्रयोगशाला (वीआर लैब) और विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित प्रयोगशाला (एसटीईएम लैब) की शुरुआत करेंगे, जिससे विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही नालंदा परिसर भवन निर्माण का भूमिपूजन भी किया जाएगा, जो शैक्षणिक ढांचे को और सुदृढ़ करेगा।

सुकमा दौरे के दौरान वे इमली प्रसंस्करण इकाई का भी शुभारंभ करेंगे, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए रास्ते खुलेंगे। इसके बाद मिनी स्टेडियम में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।

सुकमा के कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री नवा रायपुर लौटेंगे, जहां वे नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में आयोजित ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ के समापन समारोह में शामिल होंगे।

शाम को रायपुर के लभाण्डी क्षेत्र में आयोजित पटनी टोयोटा के भव्य शुभारंभ कार्यक्रम में भी उनकी उपस्थिति रहेगी। दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के बाद वे शाम को वापस अपने निवास लौटेंगे।

मुख्यमंत्री का यह दौरा बस्तर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, शिक्षा के आधुनिकीकरण और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। साथ ही यह राज्य में निवेश और विकास को नई रफ्तार देने की पहल भी है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button