RO.NO. 01
देश

ISI और हाफिज सईद से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन की गिरफ्तारी, बांग्लादेश से चला रहा था नेटवर्क

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक अहम आतंकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शब्बीर अहमद लोन को बांग्लादेश सीमा के करीब एक गुप्त अभियान के दौरान दबोचा। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह लंबे समय से फरार था और सीमा पार से आतंकी गतिविधियों का संचालन कर रहा था।

सूत्रों के मुताबिक, लोन बांग्लादेश की राजधानी ढाका के आसपास से लश्कर के एक नेटवर्क को संचालित कर रहा था। उसे पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की टीम पिछले करीब दो महीने से लगातार निगरानी और गुप्त कार्रवाई कर रही थी। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा कर रहे थे।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाहा, एसीपी ललित नेगी और इंस्पेक्टर सुनील रजैन की टीम शामिल थी। जांच में सामने आया है कि शब्बीर अहमद लोन देश के कई राज्यों में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाकर आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने में सक्रिय था। उसके संपर्क दिल्ली, कोलकाता और तमिलनाडु तक फैले हुए थे।

जांच एजेंसियों का कहना है कि लोन पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारों पर काम कर रहा था और भारत में किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में लगा हुआ था। वह सीमा पार से मिले निर्देशों के आधार पर आतंकी मॉड्यूल को सक्रिय करने में जुटा था।

बताया जाता है कि शब्बीर अहमद लोन पहले भी सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर रहा है। वर्ष 2007 में दिल्ली पुलिस ने उसे आतंकवाद से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में वर्ष 2019 में जमानत मिलने के बाद वह बांग्लादेश फरार हो गया और वहीं से आतंकी नेटवर्क को मजबूत करने में जुट गया।

साल 2026 में यह मामला फिर सामने आया, जब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किए गए कुछ संदिग्धों के तार उससे जुड़े पाए गए। इन संदिग्धों के पास से दिल्ली के कई संवेदनशील इलाकों की तस्वीरें और बांग्लादेशी पासपोर्ट बरामद हुए थे। जांच में यह भी सामने आया कि वे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की रेकी कर रहे थे।

शब्बीर अहमद लोन को आतंकी संगठन में ‘कश्मीरी राजा’ के नाम से भी जाना जाता है। वह लश्कर-ए-तैयबा का प्रशिक्षित आतंकी बताया जाता है और उसने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के मुजफ्फराबाद में प्रशिक्षण प्राप्त किया था। वर्ष 2007 में उसे दिल्ली से एके-47 राइफल के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके संबंध लश्कर प्रमुख हाफिज सईद से भी बताए जाते हैं।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां शब्बीर अहमद लोन से गहन पूछताछ कर रही हैं और उससे जुड़े पूरे आतंकी नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button