हवाई सफर में खौफनाक पल: IndiGo विमान का इंजन अचानक हुआ फेल

नई दिल्ली। विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रहे एक यात्री विमान में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और समय रहते उठाए गए कदमों से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार निजी विमानन कंपनी इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-579 विशाखापत्तनम से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान के एक इंजन में अचानक तकनीकी समस्या का संकेत मिला। जैसे ही पायलट को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और एहतियातन आपात लैंडिंग की तैयारी शुरू कर दी।
स्थिति को देखते हुए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अलर्ट जारी कर दिया गया। रनवे-28 पर आपात स्थिति घोषित करते हुए सुरक्षा और बचाव दलों को तैनात कर दिया गया। इसके बाद विमान को पूरी सावधानी के साथ सुरक्षित उतार लिया गया।
बताया जा रहा है कि विमान में लगभग 160 यात्री सवार थे। घटना के दौरान यात्रियों में कुछ समय के लिए घबराहट का माहौल जरूर बन गया, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।
सूत्रों के अनुसार सुबह करीब 10 बजकर 39 मिनट पर आपात स्थिति घोषित की गई थी और लगभग 10 बजकर 59 मिनट पर विमान सुरक्षित रूप से उतर गया। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया और सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।
कंपनी ने कहा है कि विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच की जा रही है|



