राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में गणेश शंकर मिश्रा ने संभाला पदभार, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएँ

नवा रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नवा रायपुर स्थित नीति भवन में आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है। साक्ष्य आधारित नीति निर्माण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से यह संस्था छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाएँ और रणनीतियाँ तैयार करने में आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य में छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्युमेंट 2047 तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से प्रदेश के समग्र और दीर्घकालिक विकास की रूपरेखा तय की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग का गठन एक दूरदर्शी निर्णय था। आज आकांक्षी जिलों के कार्यक्रम के माध्यम से देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ के जिलों में भी देखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग की विशेषता यह है कि यह क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीति और योजना निर्माण को बढ़ावा देता है। इसी सोच के साथ राज्यों में भी राज्य नीति आयोग का गठन किया गया है, जो विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी के साथ प्रदेश के विकास को नई गति देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गणेश शंकर मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव से राज्य नीति आयोग को नई दिशा और गति मिलेगी। आयोग की ओर से प्राप्त सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लेकर प्रभावी रूप से लागू करने का प्रयास करेगी।
इस अवसर पर नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर और भविष्य को ध्यान में रखते हुए बनाई जाने वाली नीतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को और अधिक समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी के महापौर रामू रोहरा, राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रह्मण्यम, सदस्य सचिव आशीष भट्ट, सचिव भुवनेश यादव सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।




