देशवासियों को पीएम मोदी की होली बधाई, सुख-समृद्धि की कामना की

नई दिल्ली : रंगों और उमंग का प्रतीक होली का पर्व पूरे देश में उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता की कामना की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि रंगों से सजा यह पावन त्योहार हर घर में खुशियों की बहार लेकर आए। उन्होंने उम्मीद जताई कि होली का यह पर्व लोगों के जीवन को नई ऊर्जा, सकारात्मकता और उत्साह से भर दे।
प्रधानमंत्री ने अपने एक अन्य संदेश में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार ही नहीं, बल्कि समाज में उत्साह और नई ऊर्जा भरने का भी अवसर है। चारों ओर बिखरे खुशियों के रंग और लोगों के चेहरों पर मुस्कान इस पर्व की सबसे बड़ी पहचान है, जो हर किसी को आनंद और उल्लास से भर देती है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया, जिसमें वसंत ऋतु की सुंदरता और प्रकृति की उमंग का वर्णन किया गया है। इस श्लोक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जैसे वसंत में प्रकृति नई चेतना से खिल उठती है, वैसे ही होली का त्योहार भी जीवन में ताजगी, प्रेम और उमंग का संचार करता है।
इसी क्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी देशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, आशा और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि रंगों का यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियां लाए और देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबको मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे।
वहीं उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा कि होली बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत के आगमन का उत्सव है। यह पर्व हमारी समृद्ध परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो लोगों के बीच भाईचारे, सम्मान और साझा खुशियों की भावना को मजबूत करता है।



