QR कोड कनेक्शन! LoC के नजदीक मिले संदिग्ध गुब्बारों से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

अखनूर : जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर नियंत्रण रेखा (LoC) के पास संदिग्ध वस्तुएं मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस बार मामला अखनूर क्षेत्र से जुड़ा है, जहां सीमावर्ती इलाके में अजीब आकार के दो गुब्बारे बरामद किए गए। शुरुआती जांच में इनके साथ विदेशी मुद्रा और कुछ प्रिंटेड सामग्री मिलने की बात सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
सीमावर्ती गांव में मिला संदिग्ध सामान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खोर थाना क्षेत्र के गुनारा गांव के पास ये गुब्बारे देखे गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और दोनों गुब्बारों को कब्जे में लिया। गुब्बारे सफेद और लाल रंग के थे तथा उनका आकार हवाई जहाज जैसा बताया जा रहा है। इनके साथ एक अमेरिकी डॉलर, पाकिस्तानी करेंसी का नोट, एक मोबाइल नंबर और एक QR कोड जैसी छपी हुई पर्ची बंधी मिली।
अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामग्री को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मुद्रा असली है या नकली और QR कोड के जरिए किस तरह की जानकारी या लिंक साझा करने की कोशिश की गई थी।
हालिया मुठभेड़ के बाद बढ़ी सतर्कता
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हाल ही में किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सीमावर्ती इलाकों में इस तरह की गतिविधियां माहौल को अस्थिर करने या किसी बड़े नेटवर्क की जांच भटकाने की कोशिश भी हो सकती हैं। हालांकि अधिकारियों ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
हर एंगल से हो रही जांच
पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को कई पहलुओं से परख रही हैं। तकनीकी टीमों को QR कोड और मोबाइल नंबर की पड़ताल की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि खुफिया एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या यह किसी संगठित साजिश का हिस्सा है या सिर्फ शरारती तत्वों की हरकत।
सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु को छुएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि तथ्यों की पुष्टि के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



