RO.NO. 01
व्यापार

ग्लोबल बाजारों में उथल-पुथल: चांदी 40% टूटी, सोने की चाल भी बदली

मुंबई: मुंबई से सोना-चांदी बाजार को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार के बाद आज फिर सोने और चांदी के दामों में रिकॉर्ड स्तर की कमजोरी देखने को मिली, जिससे जहां निवेशकों की चिंता बढ़ी है, वहीं आम उपभोक्ताओं के लिए यह बड़ी राहत बनकर आई है।

अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार कॉमेक्स में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन बाजार खुलते ही सोना और चांदी दोनों में तेज गिरावट दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड गिरकर $4,712.90 प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह $4,766.80 प्रति औंस पर बंद हुआ था। इसी तरह स्पॉट सिल्वर भी टूटकर $64 प्रति औंस पर आ गई, जो एक दिन पहले $67.320 प्रति औंस पर क्लोज हुई थी।

वहीं, गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बाजार बंद होने तक सोने और चांदी में हल्की तेजी देखने को मिली थी। MCX पर सोना 0.12% की बढ़त के साथ ₹1,52,260 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ, जबकि चांदी का भाव ₹2,46,452 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया। हालांकि इससे पहले दोनों धातुओं में भारी गिरावट आ चुकी थी।

आज कॉमेक्स पर बाजार खुलने के कुछ समय बाद कीमतों में मामूली सुधार भी देखने को मिला। इसके बाद स्पॉट गोल्ड $4,755.40 प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर $68.840 प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई।

कीमतों में आई इस गिरावट से निवेशकों की धड़कनें जरूर तेज हुई हैं, लेकिन लंबे समय से ऊंचे दामों से परेशान आम लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। खासतौर पर शादी-विवाह के सीजन की शुरुआत के साथ सोने-चांदी की मांग बढ़ने की उम्मीद है।

भारत में सोना-चांदी केवल निवेश का साधन नहीं बल्कि परंपरा का भी अहम हिस्सा है। शादियों के अलावा जन्म, मुंडन और विभिन्न धार्मिक त्योहारों पर भी इन धातुओं की खरीदारी की जाती है। बीते समय में कीमतें अत्यधिक बढ़ने के कारण खासकर मध्यम वर्ग ने खरीदारी कम कर दी थी। अब दामों में नरमी आने से बाजार में फिर से रौनक लौटने और छोटे सर्राफा व्यापारियों को भी फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button