RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

मटर तोड़ने की मामूली बात पर बर्बरता, बच्चों के हाथ-पैर बांधकर की पिटाई

बलरामपुर। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गांव के छोटे-छोटे बच्चों को खेत से मटर तोड़ने के आरोप में बर्बर तरीके से सजा दी गई। आरोप है कि बच्चों के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई और इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया।

घटना ग्राम लडुवा की बताई जा रही है, जो राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आता है। वायरल वीडियो में बच्चों की बेबसी और दर्द साफ नजर आ रहा है, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है।

पीड़ित बच्चों के पिता ने मामले को लेकर राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खेत से मटर तोड़ने जैसी मामूली बात पर बच्चों को तालिबानी तरीके से सजा दी गई, जो कानून और मानवता दोनों के खिलाफ है।

मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बच्चों के साथ की गई इस क्रूरता को लेकर प्रशासन भी गंभीर नजर आ रहा है।

घटना के बाद से गांव और आसपास के इलाकों में गुस्से का माहौल है। लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button