अटल जयंती पर छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात, कल 115 निकायों में होगा अटल परिसरों का लोकार्पण

रायपुर | अटल परिसर लोकार्पण छत्तीसगढ़ निर्माता एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती के अवसर पर प्रदेश को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। कल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसरों का लोकार्पण करेंगे। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती को प्रदेश में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। अटल जी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके योगदान की वजह से आज छत्तीसगढ़ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
साव ने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, जिसके परिणामस्वरूप आज प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा 163 स्थानों पर अटल परिसरों का भूमिपूजन किया गया था और महज एक वर्ष के भीतर लगभग 175 निकायों में लोकार्पण कार्य पूर्ण होना अपने आप में अभूतपूर्व उपलब्धि है।
उन्होंने जानकारी दी कि कल रायपुर के फुंडहर चौक में मुख्यमंत्री स्वयं अटल परिसर का लोकार्पण करेंगे, जबकि प्रदेश के 10 नगर निगम, 29 नगर पालिका और 76 नगर पंचायतों में वर्चुअल माध्यम से अटल परिसरों का लोकार्पण किया जाएगा।



