मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 का उद्घाटन किया, प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मुँह के स्वास्थ्य पर दिया जोर

रायपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित तीन दिवसीय डेंटल कॉन्फ्रेंस 2025 का उद्घाटन किया और कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और दंत स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की 3 करोड़ जनता के आरोग्य के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। पिछले 20 महीनों में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करते हुए दुर्गम अंचलों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दंत चिकित्सा और दांतों की देखभाल से जुड़े उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और डेंटल एसोसिएशन की वार्षिक स्मारिका का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से विस्तार हुआ है; वर्ष 2000 में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के तहत मरीजों और बुजुर्गों को निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों और पान मसाला, गुटखा, तंबाकू से मुँह के कैंसर के बढ़ते मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दंत चिकित्सक सुंदर मुस्कान और स्वस्थ दांत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इस दिशा में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
साय ने अपने संसदीय अनुभव साझा करते हुए बताया कि 1999 में उन्होंने संसद में एम्स की स्थापना का प्रस्ताव रखा था और राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ को यह ऐतिहासिक उपलब्धि मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विजन को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ विजन 2047’ डॉक्यूमेंट तैयार किया है, जिसमें 10 मिशनों के माध्यम से प्रदेश को आगे बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में प्रदेश का जीएसडीपी 5 लाख करोड़ है, जिसे 2047 तक 75 लाख करोड़ तक पहुँचाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने जीएसटी सुधारों का भी उल्लेख किया और कहा कि व्यापार और कृषि क्षेत्र को लाभ पहुँचाने के लिए स्लैब को 5 और 18 प्रतिशत में एकरूप किया गया है। उन्होंने अंत में कहा, “मानव की मुस्कान सबसे कीमती है और उसे सुरक्षित रखने व सहेजने में दंत चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।”
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों और दुर्गम अंचलों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट और बाइक एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पूरे देश में सबसे अधिक कैशलेस इलाज सुविधा देने वाला राज्य बन चुका है।
कॉन्फ्रेंस में इंडियन डेंटल एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के प्रेसिडेंट डॉ. अरविंद कुमार, पूर्व प्रेसिडेंट डॉ. राजीव सिंह और कॉन्फ्रेंस के चेयरमैन डॉ. वैभव तिवारी सहित बड़ी संख्या में देशभर से दंत चिकित्सक उपस्थित रहे।