
रायपुर। राम विचार नेताम ने मंत्री पद की शपथ ली. भाजपा के कद्दावर नेता रामविचार नेताम छठवीं बार विधायक निर्वाचित हुए है। बलरामपुर के ग्राम सनावल निवासी रामविचार नेताम राज्यसभा के सदस्य और भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके है। इस बार फिर पार्टी ने रामानुजगंज विधानसभा सीट पर उन्हें चुनाव मैदान में उतारा था।उन्होंने कांग्रेस के डा. अजय तिर्की को पराजित किया है। नेताम वर्ष 1990 से लगातार छठवीं बार विधायक हैं। वर्ष 2000 से 2002 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, वर्ष 2000 से 2003 तक भाजपा अविभाजित जिला सरगुजा के अध्यक्ष रहे। उनके अध्यक्षीय कार्यकाल में सरगुजा के आठ विधानसभा में से सात सीट जीतकर भाजपा ने 2003 में शानदार प्रदर्शन किया। 2003 से 2005 तक आदिम जाति कल्याण एवं राजस्व मंत्री, 2005 से 2008 तक गृह, जेल एवं सहकारिता मंत्री, 2008 से 2012 तक पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विधि विधायी मंत्री, 2012 से 2013 तक जल संसाधन, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री का पद संभाला।