रामानुजगंज में हाथियों की मौजूदगी से दहशत, मुख्य मार्ग पर पहुंचे हाथी

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत का माहौल है। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र में करीब 25 से 30 हाथियों का दल पिछले कई हफ्तों से गांवों के नजदीक जंगलों में विचरण कर रहा है। इसी बीच ग्राम पंचायत बगरा के जंगल में वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर अचानक हाथियों के पहुंचने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हाथियों के दल में शामिल दो हाथी सड़क पार करते हुए दिखाई दिए। अचानक सड़क पर हाथियों की मौजूदगी के कारण कुछ देर के लिए आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान राहगीरों में भय का माहौल रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने हाथियों के सड़क पार करने का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक व्यवस्था कर यातायात को सुचारू कराया। वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
वन क्षेत्र के नजदीक रहने वाले ग्रामीणों और मुख्य मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। हाथियों की आवाजाही के दौरान उनके नजदीक जाने, उन्हें परेशान करने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचना जरूरी है।
फिलहाल हाथियों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।



