
नई दिल्ली। देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया है। रविवार रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। हड़ताल स्थगित होने के बाद बैंक शाखाओं में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामान्य कामकाज जारी रहेगा।
यह हड़ताल ऐसे समय प्रस्तावित थी, जब बैंकों में छमाही क्लोजिंग की प्रक्रिया चल रही है। तीन दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति में बैंकिंग लेन-देन और ग्राहकों से जुड़ी सेवाओं पर असर पड़ सकता था। अब हड़ताल टलने से ग्राहकों को राहत मिली है।
पांच दिन के कामकाजी सप्ताह पर बनेगी समिति
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में लंबे समय से लंबित पांच दिन के कामकाजी सप्ताह को लागू करना भी शामिल है। बैठक में इस मुद्दे पर विचार के लिए दोनों पक्षों की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है।
यूएफबीयू के अनुसार, समिति पांच दिन के कार्य सप्ताह से जुड़े उपलब्ध विकल्पों पर विचार करेगी और विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा के बाद समाधान तलाशेगी।
पीएलआई योजना पर भी होगी बातचीत
बैठक में स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना का मुद्दा भी उठाया गया। UFBU और IBA इस योजना में संभावित बदलावों को लेकर आगे चर्चा करेंगे। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्रस्ताव सरकार के समक्ष भी रखा जा सकता है।
लंबित मांगों पर भी चर्चा
यूएफबीयू ने बताया कि 8 मार्च 2024 के बैठक विवरण में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी आईबीए के साथ बातचीत की जाएगी। दोनों पक्ष इन मुद्दों के जल्द समाधान की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
यूनियनों के मुताबिक, मांगों को लेकर आईबीए से मिले आश्वासनों के बाद फिलहाल प्रस्तावित विरोध और हड़ताल कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
ग्राहकों को क्या होगा फायदा?
हड़ताल स्थगित होने से 28 से 30 सितंबर के बीच बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज जारी रहने की उम्मीद है। इससे ग्राहकों को नकद जमा-निकासी, चेक से जुड़े कार्य और अन्य शाखा आधारित बैंकिंग सेवाओं के लिए संभावित परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।



