छत्तीसगढ़

जगदलपुर में पत्रकार पर हुआ जानलेवा हमला:बदमाशों ने पीठ पर मारा चाकू

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में पत्रकार रितेश पांडेय पर कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला किया है। रितेश पांडेय की पीठ और हाथ पर चाकू से वार किया गया है। साथ ही बदमाशों ने उनके पास से मोबाइल और पैसे भी लूट लिए हैं। बदमाशों के हमले से पत्रकार गंभीर रूप से घायल है। जिनका जगदलपुर के महारानी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, बस्तर जिला पत्रकार संघ के सहसचिव रितेश पांडेय बुधवार की रात अपने घर जा रहे थे। इस दौरान शहर में ही रास्ते में कुछ बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाश शराब के नशे में चूर थे। उन्होंने रितेश के साथ पहले धक्का-मुक्की की। फिर चाकू से वार कर दिया। रितेश गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

आस-पास में मौजूद लोगों ने उन्हें फौरन महारानी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर पत्रकारों में भी रोष है। इस मामले के संबंध में जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर पत्रकार संघ ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना भी दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों को अब तक पकड़ने में विफल रही है।

भाजपा ने दिया अल्टीमेटम

इधर, इस मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी काफी आक्रोश देखा गया है। युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया है कि, 28 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे तक यदि आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं होंगे तो युवा मोर्चा थाना का घेराव करेगी। वहीं पुलिस अफसरों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button