कुसमी में एसडीएम मारपीट मौत मामले पर दूसरे दिन भी हंगामा, कांग्रेस का प्रदर्शन तेज

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के कुसमी में एसडीएम से जुड़े कथित मारपीट और मौत प्रकरण को लेकर दूसरे दिन भी माहौल तनावपूर्ण बना रहा। घटना के विरोध में ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुसमी बस स्टैंड पर धरना जारी रखा और शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए शांति बनाए रखने की अपील की है।
कुसमी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल तैनात है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। मामले को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।





