भिलाई: पॉश कॉलोनी के मकान में चल रहा था अनैतिक देह व्यापार, पुलिस की रेड में 12 मोबाइल और नगदी बरामद

भिलाईनगर, 11 मार्च: जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेहरू नगर स्थित विद्या विहार कॉलोनी में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक मकान में दबिश देकर संचालिका और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके पर मौजूद 8 महिलाओं को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया।
स्मृति नगर पुलिस को 10 मार्च को पुख्ता सूचना मिली थी कि विद्या विहार कॉलोनी के मकान नंबर 146/8 में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही महिला रक्षा टीम (IUCAW) और स्मृति नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उक्त मकान पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संचालिका धनवंती रावत उर्फ रीना सिंह रावत (35 वर्ष) और ग्राहक अमन (25 वर्ष), निवासी जयंती नगर को रंगे हाथों पकड़ा। तलाशी के दौरान मौके से एक पल्सर मोटरसाइकिल, 12 मोबाइल फोन, 5,500 रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है।
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी आर्थिक लाभ के लालच में इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


