
भाटापारा/बलौदाबाजार। अल्ट्राटेक कुकुरदी के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत क्षेत्र के किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान निकटवर्ती ग्राम पंचायत सरकीपार पिपराही, कुकुरदी, ढनढनी एवं सेमराडीह के 40 किसानों को विभिन्न कृषि इकाइयों का भ्रमण कराया गया।
यह कार्यक्रम इकाई प्रमुख पवन कुलकर्णी के दिशा-निर्देश एवं एचआर प्रमुख प्रतीक भटनागर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और उर्वरकों के उपयोग के जरिए अतिरिक्त आय के अवसरों से अवगत कराना तथा भविष्य में उन्हें संगठित कर FPO (किसान उत्पादक संगठन) के गठन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत बलौदाबाजार स्थित किसान कल्याण उत्पादक संगठन से हुई, जिसके बाद किसानों को अर्जुनी के मितान कृषक प्रोड्यूसर कंपनी और भाटापारा की हाईटेक नर्सरी का भ्रमण कराया गया। इस दौरान कृषि अधिकारी सूचिन वर्मा ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में CSR प्रमुख राजेंद्र कुशवाहा ने सभी प्रतिभागी किसानों का आभार व्यक्त करते हुए सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में CSR टीम के दया वर्मा एवं प्रशिक्षणार्थी परमेश्वर साहू का विशेष योगदान रहा।




