RO.NO. 01
देश

कमर की अकड़न और स्ट्रेस से छुटकारा पाने के लिए आजमाएं ये तरीका

नई दिल्ली। आज की व्यस्त जीवनशैली में शरीर की जकड़न, पीठ दर्द और मानसिक तनाव आम समस्या बनती जा रही है। ऐसे में योग न सिर्फ शरीर को लचीला और मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक शांति बनाए रखने में भी मदद करता है। इन्हीं योगासनों में अर्द्धउष्ट्रासन (हाफ कैमल पोज) भी शामिल है, जिसे शरीर के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है।

यह आसन पूर्ण उष्ट्रासन का एक सरल रूप है और खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो लंबे समय तक बैठकर काम करते हैं या जिनकी कमर और कंधों में अकड़न रहती है। नियमित अभ्यास से यह रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाने और शरीर में जमी अकड़न को कम करने में मदद करता है।

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, अर्द्धउष्ट्रासन शुरुआती स्तर का योगासन है, जो छाती और पेट के हिस्से को खींचकर पीठ को मजबूत बनाता है। यह आसन शरीर के अगले हिस्से को सक्रिय करता है और समग्र शारीरिक संतुलन को बेहतर करता है।

इसके नियमित अभ्यास से पेट की मांसपेशियों में खिंचाव होता है, जिससे पाचन तंत्र बेहतर होता है और कब्ज जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। साथ ही यह हृदय चक्र को खोलने में मदद करता है, जिससे तनाव और चिंता में कमी आती है। यह कूल्हों, जांघों और पीठ की मांसपेशियों को मजबूत बनाकर शरीर की ताकत को बढ़ाता है और रक्त संचार को भी बेहतर करता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह आसन शुरुआती और मध्यम स्तर के लोगों के लिए उपयुक्त है क्योंकि इसे व्यक्ति अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार आसानी से कर सकता है। नियमित अभ्यास से न केवल शारीरिक लचीलापन बढ़ता है, बल्कि मानसिक स्थिरता और आत्मविश्वास में भी सुधार होता है।

हालांकि, जिन लोगों को हर्निया, गठिया, चक्कर, गंभीर पीठ या पेट दर्द, या हृदय संबंधी समस्या है, उन्हें यह आसन करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लेनी चाहिए।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button