भाटापारा अंडरब्रिज में ट्रक घुसा, एंगल टूटने से आवागमन बंद
भाटापारा। देर रात भाटापारा के अंडरब्रिज में तेज रफ्तार ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक इतनी तेज गति में था कि अंडरब्रिज के प्रवेश द्वार पर लगे भारी लोहे के एंगल को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। हादसे के बाद अंडरब्रिज के भीतर मलबा और क्षतिग्रस्त लोहे के हिस्से बिखर गए, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान ट्रक की रफ्तार काफी अधिक थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंडरब्रिज के एंगल क्षतिग्रस्त हो गए और ट्रक आगे तक अंदर पहुंच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में ट्रक चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से अंडरब्रिज से आवागमन बंद करा दिया। फिलहाल दोनों ओर से रास्ता बंद है। क्षतिग्रस्त एंगल और मलबा हटाने के बाद ही अंडरब्रिज से यातायात बहाल किया जा सकेगा।
हादसे के कारण सुबह अंडरब्रिज से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर स्थिति को सामान्य करने की कार्रवाई की जा रही है।



