RO.NO. 01
अंतर्राष्ट्रीय

दुनिया को मिली राहत, मगर किम जोंग ने दाग दी मिसाइल; कोरियाई प्रायद्वीप में बढ़ी हलचल

सियोल : वैश्विक स्तर पर जहां अमेरिका और ईरान के बीच संभावित युद्धविराम की खबरों से तनाव कम होने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं कोरियाई प्रायद्वीप में हालात फिर से गर्माते नजर आ रहे हैं। उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से कई कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण कर क्षेत्र में नई चिंता पैदा कर दी है।

दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, ये मिसाइलें समुद्र की दिशा में दागी गईं और करीब 240 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद समुद्र में जा गिरीं। जानकारी के मुताबिक, बीते दो दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब उत्तर कोरिया ने मिसाइल परीक्षण किया है।

दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि मिसाइलें वॉनसन क्षेत्र से छोड़ी गई थीं और पूर्वी समुद्री इलाके में गिरीं। सेना का कहना है कि दक्षिण कोरिया अपने सहयोगी अमेरिका के साथ मिलकर हर तरह की उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

सैन्य अधिकारियों ने यह भी बताया कि एक दिन पहले राजधानी के आसपास के इलाके से एक और संदिग्ध मिसाइल लॉन्च का संकेत मिला था। फिलहाल दक्षिण कोरिया और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां इन घटनाओं की विस्तृत जांच और विश्लेषण कर रही हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि एक मिसाइल लॉन्च के शुरुआती चरण में ही असामान्य गतिविधि के बाद रडार से गायब हो गई, जिससे उसके असफल होने की संभावना जताई जा रही है।

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब उत्तर कोरिया ने साफ तौर पर कहा है कि वह दक्षिण कोरिया के साथ रिश्ते सुधारने के पक्ष में नहीं है। वहीं दूसरी तरफ दक्षिण कोरिया की सरकार लगातार संवाद की प्रक्रिया दोबारा शुरू करने की बात करती रही है।

उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बयान जारी कर दक्षिण कोरिया को अपना “कट्टर दुश्मन” बताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार हो रहे मिसाइल परीक्षण और सख्त राजनीतिक बयानबाजी से कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव और अस्थिरता बनी रह सकती है, भले ही दुनिया के अन्य हिस्सों में तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हों।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button