छत्तीसगढ़
तेज रफ्तार का कहर: अनियंत्रित कार पेड़ से टकराई, एक की मौत, चार गंभीर घायल

बलरामपुर। जिले में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसा लावा-चुमरा मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
सभी घायलों को इलाज के लिए रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
होली जैसे खुशी के त्योहार के दिन हुए इस हादसे से मृतक के घर का चिराग बुझ गया और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
यह पूरा मामला विजयनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।



