
भाटापारा। धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ इस वर्ष भी 2 अप्रैल (गुरुवार) को श्री हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, पूरे दिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी, जिसमें शहर के धर्मप्रेमी नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे भव्य शोभायात्रा से होगी, जो स्टेशन स्थित कुली हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मंडी स्थित मंडेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा।इसके अलावा, दोपहर 1 बजे से प्रसादी वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
वहीं, एक दिन पहले 1 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे भव्य बाइक रैली का आयोजन भी रखा गया है, जो कुली हनुमान मंदिर से प्रारंभ होगी।आयोजन श्री संगीतिमय सुंदरकांड समिति, भाटापारा द्वारा किया जा रहा है, जिसमें सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।



