RO.NO. 01
देश

TMC में बड़े बदलाव के संकेत, ममता बनर्जी ने लिया चौंकाने वाला फैसला

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बढ़ते आंतरिक विवाद और बगावती सुरों के बीच पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है। पार्टी ने राज्य में अपनी सभी समितियों और फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की है। माना जा रहा है कि यह कदम संगठन को फिर से मजबूत करने और अंदरूनी असंतोष पर नियंत्रण पाने के लिए उठाया गया है।

यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पार्टी से निष्कासित विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंचकर दावा किया कि उनके गुट को 59 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उनका गुट ही राज्य में वास्तविक विपक्ष की भूमिका निभा रहा है, जबकि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट अल्पमत में आ चुका है।

तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि व्यापक विचार-विमर्श के बाद पार्टी की सभी समितियों और फ्रंटल संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्णय लिया गया है। पार्टी अब हर स्तर पर आत्ममूल्यांकन, प्रदर्शन समीक्षा और संगठनात्मक आकलन की प्रक्रिया शुरू करेगी।

पार्टी के अनुसार, समीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद संगठनात्मक ढांचे का पुनर्गठन किया जाएगा और नई समितियों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। टीएमसी ने कहा कि वह संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि हाल ही में ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई टीएमसी विधायक दल की बैठक में करीब 60 विधायक शामिल नहीं हुए थे। इसके बाद से ही पार्टी में बड़े विभाजन की अटकलें तेज हो गई थीं। इसी बीच पार्टी ने सोमवार को ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को निलंबित कर दिया था।

निलंबन के बाद ऋतब्रत बनर्जी ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो नेता पहले जनता को अपनी सबसे बड़ी सुरक्षा बताते थे, वही अब केंद्रीय सुरक्षा बलों की मांग कर रहे हैं। उन्होंने अभिषेक पर पार्टी को कॉर्पोरेट शैली में चलाने और राजनीतिक रणनीतिकार संस्था आई-पैक पर अत्यधिक निर्भर रहने का आरोप लगाया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष और नेतृत्व को चुनौती देने वाली गतिविधियों के बीच ममता बनर्जी का यह फैसला संगठन में अनुशासन स्थापित करने और पार्टी को एकजुट रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button