महामाया मंदिर में संपन्न हुआ शिव-पार्वती विवाह, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

बलरामपुर : रामानुजगंज में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव का अभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
शाम होते-होते महाशिवरात्रि आयोजन समिति द्वारा भव्य शिव बारात निकाली गई। समिति के अध्यक्ष रमन अग्रवाल और उनकी टीम के नेतृत्व में निकली इस शोभायात्रा में नगरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान शिव का स्वरूप धारण किए कलाकार आकर्षक वेशभूषा में सजे हुए थे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकते हुए पूरे शहर का भ्रमण कर रहे थे।
बारात के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी शिवमय रंग में रंगे नजर आए। विशेष रूप से छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान शंकर का रूप धारण कर लोगों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा पूरे नगर में भ्रमण करते हुए अंततः महामाया मंदिर परिसर पहुंची, जहां भगवान शिव और माता पार्वती के प्रतीकात्मक विवाह की रस्में अदा की गईं। जयमाला और विवाह कार्यक्रम के साथ आयोजन का समापन हुआ।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता की झलक साफ दिखाई दी। महाशिवरात्रि का यह पर्व नगरवासियों के लिए यादगार बन गया।






