शारजाह-कराची कार्गो फ्लाइट से टूटा संपर्क, 5 क्रू मेंबर्स की तलाश में जुटीं एजेंसियां

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में शारजाह से कराची आ रहा एक कार्गो विमान मंगलवार रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। विमान में सवार चालक दल के पांच सदस्यों की तलाश के लिए समुद्र में बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (पीएए) के अनुसार, के2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो विमान मंगलवार रात करीब 9:18 बजे स्थानीय समय पर कराची एरिया कंट्रोल सेंटर (एसीसी) के संपर्क में था। इसी दौरान पायलट ने विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी की जानकारी दी, जिसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
अधिकारियों के मुताबिक, कुछ ही मिनट बाद विमान रडार पर तेजी से नीचे उतरता और अचानक दिशा बदलता दिखाई दिया। इसके बाद कराची से लगभग 155 समुद्री मील पश्चिम में विमान का रडार और संचार संपर्क पूरी तरह टूट गया। तब से विमान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय कर दिया। नौसेना, तटरक्षक बल और अन्य संबंधित एजेंसियों की सहायता से समुद्र में व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल विमान और उसमें सवार चालक दल के पांचों सदस्यों का पता लगाने में जुटे हैं।
पीएए ने पुष्टि की है कि विमान में कुल पांच चालक दल के सदस्य सवार थे, हालांकि उनकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं, के2 एयरवेज ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि वह पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (पीसीएए) और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ पूरी तरह सहयोग कर रही है। कंपनी ने उम्मीद जताई है कि चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित मिलेंगे।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में इससे पहले मई 2020 में भी एक बड़ा विमान हादसा हुआ था। उस समय पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) का एक यात्री विमान कराची हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 99 में से 97 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो यात्री जीवित बच गए थे।



