सड़क हादसा: वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप की मौत, एक युवक गंभीर रूप से घायल, मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त


रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे एवं पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के पुत्र निखिल कश्यप का असमय निधन हो गया। हादसा तब हुआ जब निखिल की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार एक अन्य युवक तीशज गजीर पिता राकेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मृतक निखिल कश्यप का पार्थिव शरीर विधायक कॉलोनी स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए लाया गया है। वहां से उनका अंतिम संस्कार भानपुरी, फरसेगढ़ा में किया जाएगा। शोक की इस घड़ी में मंत्री टंकाराम वर्मा सहित कई गणमान्य लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे हैं। परिजनों और शुभचिंतकों की उपस्थिति में गहरा शोक व्याप्त है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “वन मंत्री केदार कश्यप जी के भतीजे एवं पूर्व सांसद दिनेश कश्यप जी के सुपुत्र, निखिल कश्यप की सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल कश्यप परिवार को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करें। ॐ शांति!”