रायपुर साहित्य उत्सव 2026: 23 से 25 जनवरी तक पुरखौती मुक्तांगन में साहित्य और संस्कृति का संगम

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जनवरी माह में एक बार फिर रचनात्मक विचारों, साहित्यिक अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनने जा रही है। रायपुर साहित्य उत्सव 2026 का आयोजन 23 से 25 जनवरी तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में किया जाएगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन साहित्य, कला और विचारों के संवाद को समर्पित रहेगा।
यह साहित्यिक महोत्सव छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, भाषाई विविधता और समकालीन रचनात्मकता को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न भारतीय भाषाओं के साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और पाठकों को एक साझा मंच पर लाकर विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
विचार, कविता और संस्कृति का संगम
उत्सव के दौरान साहित्यिक परिचर्चाएं, कवि सम्मेलन, कथा-पाठ, पुस्तक विमोचन, समसामयिक विषयों पर संवाद सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। देश के विभिन्न हिस्सों से लेखक, कवि, पत्रकार, रंगकर्मी और कलाकार इस आयोजन में भाग लेकर अपने विचार और रचनाएं साझा करेंगे।
युवाओं को मिलेगा खुला मंच
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 में युवाओं और नवोदित रचनाकारों के लिए विशेष ओपन माइक सत्र रखा गया है। इसमें विद्यार्थी और आम नागरिक कविता, कहानी, गीत या विचार प्रस्तुति के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा को मंच पर प्रस्तुत कर सकेंगे। यह सत्र नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा
आयोजकों के अनुसार, इस उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को साहित्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्कूलों और कॉलेजों में उत्सव से जुड़ी जानकारियां साझा की जा रही हैं, ताकि नई पीढ़ी में भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रति रुचि विकसित हो सके।
पुस्तक प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण
उत्सव स्थल पर देश के प्रमुख प्रकाशकों की पुस्तक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। यहां विभिन्न विधाओं, भाषाओं और विषयों की पुस्तकों का विस्तृत संग्रह पाठकों के लिए उपलब्ध रहेगा।
पंजीयन और सुविधा
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 में शामिल होने के लिए इच्छुक नागरिक और विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट www.raipursahityautsav.org के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा, 23 से 25 जनवरी तक रायपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से पुरखौती मुक्तांगन तक निःशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आमजन, विद्यार्थी और वरिष्ठ नागरिक आसानी से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकें।
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 को लेकर साहित्य प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने की उम्मीद जगा रहा है।



