गर्भवती लड़की और उसके परिवार वालों को किया गया सामाजिक बहिष्कार

सीवान: जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में एक गर्भवती युवती और उसके परिवार को सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि युवती आठ माह की गर्भवती है और उसने दुष्कर्म के आरोप में एक युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद पंचायत के कुछ लोगों ने पीड़िता और उसके परिवार पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। लेकिन जब परिवार ने शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया तो पंचायत की ओर से कठोर फैसला सुनाते हुए पीड़िता और उसके पूरे परिवार का 12 वर्ष के लिए सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया।
बताया जाता है कि दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद पंचायत के लोगों ने यह फैसला लिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस पहले ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
इतना ही नहीं, पीड़ित महिला की मदद करने वाले एक पड़ोसी को भी पंचायत की ओर से सामाजिक बहिष्कार का फरमान सुना दिया गया है। इस फैसले के बाद पीड़िता और उसका परिवार सामाजिक दबाव और प्रताड़ना झेलने को मजबूर हैं।
मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की मांग की है।



