RO.NO. 01
देशव्यापार

पाकिस्तान में पेट्रोल 370 रुपये के पार, सरकार देगी 100 रुपये प्रति लीटर सब्सिडी

इस्लामाबाद। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 370 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। बढ़ती महंगाई और जनता के आक्रोश के बीच प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए विशेष पेट्रोल सब्सिडी योजना का ऐलान किया है। इसके तहत पात्र उपभोक्ताओं को पेट्रोल पर 100 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की सीधी सब्सिडी दी जाएगी।

सरकार के मुताबिक, योजना का लाभ मुख्य रूप से निम्न और मध्यम वर्ग के जरूरतमंद लोगों को मिलेगा। इसमें मोटरसाइकिल, ऑटो रिक्शा और चिंगची जैसे दोपहिया-तिपहिया वाहन शामिल हैं। इन वाहन चालकों को हर महीने अधिकतम 20 लीटर पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी मिलेगी।

वहीं, 800 सीसी तक की छोटी कारों के मालिकों को हर महीने अधिकतम 30 लीटर पेट्रोल पर सब्सिडी का लाभ दिया जाएगा। निर्धारित कोटे के तहत सब्सिडी मिलने के बाद पात्र उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल की प्रभावी कीमत करीब 270 रुपये प्रति लीटर रह जाएगी। इससे बाइक चालकों को करीब 2,000 रुपये और छोटी कार मालिकों को करीब 3,000 रुपये तक की मासिक राहत मिल सकती है।

दो चरणों में लागू होगी योजना

सरकार के अनुसार, सब्सिडी योजना की शुरुआत इस्लामाबाद से की जा रही है। राजधानी में यह व्यवस्था सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात से लागू होगी। इसके बाद बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात से योजना को पूरे पाकिस्तान, पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान में लागू किया जाएगा।

योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया रविवार से शुरू कर दी गई है। सरकार ने बताया कि वाहन डेटाबेस तैयार करने में प्रांतीय सरकारों ने सहयोग किया है, ताकि सब्सिडी का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक सीधे पहुंचाया जा सके।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि मौजूदा आर्थिक मुश्किलों के दौर में सरकार जनता को अकेला नहीं छोड़ेगी और महंगे पेट्रोल के असर को कम करने के लिए राहत के कदम उठाए जाएंगे।

Share this
advertisement

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button