मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस के रजत जयंती पदक का किया विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस बल को समर्पित रजत जयंती पदक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पदक प्रदेश में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान की अमिट पहचान बनेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने उल्लेख किया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्य पुलिस बल को रजत जयंती पदक प्रदान किए जाने की घोषणा की गई थी, जिस पर त्वरित अमल करते हुए आज इस पदक का विधिवत विमोचन किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ पुलिस बल ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और नक्सल विरोधी अभियानों में असाधारण साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। यह पदक उनके समर्पण और शौर्य को सदैव स्मरणीय बनाए रखेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रजत जयंती पदक छत्तीसगढ़ की माटी, संस्कृति और परंपरा की पहचान को आत्मसात करता है। गोल आकार और चांदी के रंग का यह पदक अग्र भाग में साल वृक्ष तथा पीछे की ओर पहाड़ी मैना के उभरे हुए चित्र से सुशोभित होगा। इसे रिबन के साथ धारण किया जाएगा और वर्दी के बाईं ओर जेब के ऊपर अशोक चक्र, कीर्ति चक्र, वीरता पदक, राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक एवं राष्ट्रपति के सराहनीय सेवा पदक के पश्चात वरीयता क्रम में लगाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पदक में अंकित पहाड़ी मैना सतर्कता, संवाद, निडरता, स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव और पुलिस बल की टीम भावना का प्रतीक है, जबकि साल वृक्ष मजबूती, दृढ़ता, दीर्घायु, संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन का संदेश देता है। बस्तर और सरगुजा अंचल में पूजनीय साल वृक्ष की भांति यह पदक भी पुलिस बल के समर्पण, सेवा और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सम्मानित करेगा तथा छत्तीसगढ़ पुलिस की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बनेगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस महानिदेशक पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन पवन देव, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी प्रदीप गुप्ता, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी अमित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



