
रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नया रायपुर में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। मैच के दिन शहर और आसपास के जिलों से आने वाले हजारों दर्शकों की सुगम आवाजाही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व पार्किंग व्यवस्था लागू की है। इसके साथ ही स्टेडियम परिसर में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई वस्तुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
दर्शकों के लिए तय मार्ग
- रायपुर शहर की ओर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा से एनएच-53 होते हुए सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के रास्ते नया रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद स्टेडियम तिराहा से सांई अस्पताल रोड के जरिए वाहन सांई अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग में खड़े कर पैदल स्टेडियम तक जा सकेंगे।
- बिलासपुर दिशा से आने वालों के लिए बिलासपुर–रायपुर मार्ग, धनेली नाला, रिंग रोड-03, विधानसभा चौक, एनएच-53 और मंदिर हसौद होते हुए नवागांव टर्निंग से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। इन दर्शकों के वाहन स्टेडियम के पूर्वी हिस्से में स्थित परसदा और कोसा पार्किंग में लगाए जाएंगे।
- इसके अलावा दुर्ग-भिलाई, बलौदाबाजार-खरोरा, जगदलपुर-धमतरी और महासमुंद-सरायपाली मार्ग से आने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पासधारी वाहनों की सुविधा
A, B, C, D, E, F और G पास वाले वाहनों को सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से नया रायपुर प्रवेश मार्ग होते हुए सीधे स्टेडियम परिसर की पार्किंग तक जाने की अनुमति होगी।
भारी वाहनों पर रोक
मैच के दिन यानी 23 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर के सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। ऐसे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित वस्तुएं
स्टेडियम में शराब, तंबाकू उत्पाद, माचिस, ज्वलनशील सामग्री, बोतल या डिब्बे, छाते, कुर्सी-स्टूल, डंडे, हथियार, नुकीले औजार, भोजन सामग्री (बच्चों के लिए आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर), कांच के सामान, बड़े बैग, लैपटॉप, कैमरा, लेजर लाइट, स्प्रे, खिलौने, लाउड स्पीकर, जानवर, किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री और सिक्के ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
यातायात पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों और पार्किंग नियमों का पालन करें, ताकि मैच के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सभी लोग सुरक्षित व आनंददायक माहौल में खेल का लुत्फ उठा सकें।



