33/11 केवी उपकेंद्र में 5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित, अतिरिक्त 11 केवी फीडर भी शुरू

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना सुदृढ़ीकरण के तहत जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में 3.15 एमवीए क्षमता के पुराने ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही नगर क्षेत्र के लिए अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण कर विद्युत प्रवाह भी प्रारंभ कर दिया गया है।
नए ट्रांसफार्मर की स्थापना से पहले विभाग द्वारा व्यापक तकनीकी तैयारियां की गईं। इसके तहत कार्यस्थल पर स्थान उपलब्ध कराने के लिए दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया तथा पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ का मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा किया गया। सभी तकनीकी प्रक्रियाओं के बाद ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

विद्युत विभाग के अनुसार क्षमता वृद्धि से क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं नए 11 केवी फीडर के शुरू होने से विद्युत भार का बेहतर वितरण संभव होगा, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
इस पहल को क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और उपभोक्ताओं ने इस कार्य का स्वागत करते हुए इसे कुनकुरी की बिजली व्यवस्था को सशक्त बनाने वाला अहम प्रयास बताया है।



