MG की नई इलेक्ट्रिक SUV ने मचाया धमाल, Hector Tomahawk के फीचर्स जानकर रह जाएंगे हैरान

नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में जेएसडब्ल्यू-एमजी ने अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी MG Hector Tomahawk EV को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसके साथ टॉमाहॉक का प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल भी पेश किया है। नई एसयूवी कंपनी के आधुनिक ADAPT प्लेटफॉर्म पर आधारित भारत का पहला प्रोडक्ट बताई जा रही है।
खास बात यह है कि MG Hector Tomahawk EV को बैटरी एज ए सर्विस (BaaS) विकल्प के साथ भी पेश किया गया है। इस स्कीम की वजह से कार की शुरुआती कीमत को काफी आकर्षक रखा गया है।
BaaS के साथ 13.99 लाख रुपये से शुरू कीमत
MG Hector Tomahawk EV की BaaS के तहत शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.99 लाख रुपये रखी गई है। इस विकल्प में ग्राहकों को बैटरी के इस्तेमाल के लिए 4.9 रुपये प्रति किलोमीटर का अलग चार्ज देना होगा।
वहीं, बैटरी सहित खरीदने पर 7-सीटर एक्साइट वेरिएंट की कीमत 19.49 लाख रुपये से शुरू होती है। एसयूवी को 5 और 7-सीटर दोनों विकल्पों में उपलब्ध कराया गया है। इसके 7-सीटर एसेंस वेरिएंट की कीमत 23.49 लाख रुपये, जबकि 5-सीटर एसेंस वेरिएंट की कीमत 22.99 लाख रुपये है।
कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और डिलीवरी सितंबर से शुरू होने की बात कही है।
517 KM तक की क्लेम्ड रेंज
MG Hector Tomahawk EV में 69.2kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर 517 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज दे सकती है।
इसमें 150kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 310Nm का टॉर्क जनरेट करती है। एसयूवी महज 8.2 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
कार में Vehicle-to-Home (V2H) फीचर भी दिया गया है। इसके जरिए जरूरत पड़ने पर कार की बैटरी से घर के कुछ इलेक्ट्रिकल उपकरणों को चलाया जा सकता है।
Level 2 ADAS समेत कई हाईटेक फीचर्स
सुरक्षा के लिहाज से MG Hector Tomahawk EV में 11 फीचर्स वाला Level 2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा और ट्रांसपेरेंट चेसिस व्यू दिया गया है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल और इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
केबिन को प्रीमियम बनाने के लिए इसमें बड़ी पैनोरमिक सनरूफ, 10-स्पीकर प्रीमियम साउंड सिस्टम, बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पावर्ड-वेंटिलेटेड सीट्स दी गई हैं। सीटों में मेमोरी फंक्शन भी मिलता है।
इसके अलावा एसयूवी में 6 अलग-अलग कैबिन मोड दिए गए हैं, जिनमें नैप, कैंप, प्रो-पेट, एनर्जाइज, वैलेट और क्वाइट मोड शामिल हैं। इन फीचर्स के साथ कंपनी ने नई इलेक्ट्रिक एसयूवी को प्रीमियम और तकनीक से लैस विकल्प के तौर पर पेश किया है।



