बलरामपुर में भीषण जंगल आग, वन संपदा को भारी नुकसान

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र में भीषण जंगल आग लगने की खबर सामने आई है। यह आग वाड्रफनगर–बनारस मार्ग स्थित स्टेट हाईवे के किनारे अजगरा नाला के पास फैले जंगल में लगी है।
बताया जा रहा है कि आग वाड्रफनगर वन विभाग कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर धधक रही है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान हो रहा है। आग की लपटों के कारण पेड़-पौधे तेजी से जल रहे हैं और पूरे इलाके में धुआं फैल गया है।
इस भीषण आग से वन्य जीवों पर भी खतरा मंडरा रहा है। कई जानवरों के फंसने या प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना स्थल पर अभी तक वन विभाग के कर्मचारी नजर नहीं आए हैं, जिससे स्थिति और चिंताजनक बन गई है। आग पर काबू पाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और वन विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।



