शहीद संजय यादव का बलिदान छत्तीसगढ़ के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा: श्री विजय शर्मा

BBN24/23 अगस्त 2024: रायपुर के टिकरापारा स्थित संजय नगर में शहीद संजय यादव शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शहीद श्री संजय यादव की प्रतिमा का अनावरण उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद संजय यादव का बलिदान छत्तीसगढ़ के इतिहास में एक अमिट अध्याय के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने नक्सलवाद से संघर्ष को लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बताया और कहा कि इस संघर्ष में प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों का कृतज्ञता से स्मरण करना हमारी जिम्मेदारी है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार उन सभी शहीदों का स्मारक बनवाएगी, जिन्होंने समाज और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। यह स्मारक न केवल उनकी वीरता की गाथा को जीवित रखेगा, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा।
शहीद संजय यादव का जीवन प्रेरणादायक रहा है। उनका जन्म 21 मार्च 1974 को रायपुर के टिकरापारा में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा उन्होंने नुतन शासकीय स्कूल और खालसा स्कूल, रायपुर से पूरी की। 1998 में रायपुर नगर सेवा में भर्ती होकर उन्होंने सात वर्षों तक अपनी सेवाएँ दीं। 2005 में राजनांदगांव में जीडी आरक्षक के पद पर पदस्थापित हुए और अपनी मेहनत और उत्कृष्ट कार्य के लिए 2008 में आउट ऑफ प्रमोशन के तहत प्रधान आरक्षक बने।
12 जुलाई 2009 को मदनवाड़ा थाना क्षेत्र के कोरकटटी में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक शहीद श्री विनोद चौबे के साथ शहीद संजय यादव ने अदम्य साहस का परिचय दिया और वीरगति प्राप्त की। उनका यह बलिदान हमेशा छत्तीसगढ़ की जनता के हृदय में जीवित रहेगा।