RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

सरगुजा संभाग में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 1500 इंजेक्शन के साथ मुख्य सरगना समेत तीन गिरफ्तार

सरगुजा  : सरगुजा संभाग के आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने साइबर सेल की मदद से 1500 नग नशीली इंजेक्शन के साथ मुख्य सरगना समेत उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। जब्त नशीले इंजेक्शन की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ग्राहक की तलाश में 31 जनवरी की शाम पलटन घाट पहुंचे हुए थे। इसी दौरान साइबर सेल से मिली सटीक सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत विश्वकर्मा, मंजूर अंसारी और प्रमोद कुमार के रूप में हुई है।

उल्लेखनीय है कि सरगुजा संभाग सहित बलरामपुर जिले में नशीले इंजेक्शन का अवैध व्यापार बड़े पैमाने पर संचालित हो रहा है। इस पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इससे पहले उड़नदस्ता टीम ने सरगुजा के बतौली क्षेत्र से भी तीन आरोपियों को नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उन्होंने गढ़वा के एक मुख्य सरगना और उसके सहयोगियों द्वारा सप्लाई किए जाने की जानकारी दी थी।

इसी सूचना के आधार पर आबकारी विभाग ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों को ट्रेस कर कार्रवाई की। फिलहाल तीनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button