छत्तीसगढ़ में श्रमिक और औद्योगिक विकास को मिली नई गति, सरकार की नीतियों से दिख रहा व्यापक बदलाव

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण और औद्योगिक विकास को एक साथ जोड़कर आगे बढ़ाने की नीति अब स्पष्ट रूप से परिणाम देने लगी है। श्रम विभाग की योजनाओं से यह संदेश सामने आ रहा है कि श्रमिक केवल आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि समाज की मजबूत आधारशिला हैं। सरकार का उद्देश्य उनके जीवन में स्थायित्व, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है।
उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में राज्य ने विकास की एक नई दिशा तय की है। उनके कार्यकाल में श्रमिक कल्याण और औद्योगिक विस्तार दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। सरकार की 2024-2030 नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ तेजी से एक उभरते औद्योगिक केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है।
श्रमिकों के सशक्तिकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। श्रमिक परिवारों के बच्चों को उत्कृष्ट विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा की सुविधा दी जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर मिल सकें। साथ ही, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सम्मानित किया जा रहा है। यह पहल राज्य में शिक्षा और समान अवसरों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
सरकार द्वारा श्रमिकों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पिछले कुछ वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये की राशि सीधे श्रमिकों के खातों में हस्तांतरित की गई है, जिससे योजनाओं में पारदर्शिता और प्रभावशीलता दोनों बढ़ी हैं। आवास सहायता, दुर्घटना सहायता और ‘श्रम अन्न योजना’ जैसे कार्यक्रमों के तहत मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर श्रमिकों को राहत दी जा रही है।
औद्योगिक क्षेत्र में भी राज्य ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। नए निवेश प्रस्तावों, उद्योगों की स्थापना और रोजगार सृजन ने राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। नवा रायपुर में एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और आईटी सेक्टर में निवेश तथा स्टार्टअप नीति के क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ आधुनिक तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रशासनिक सुधारों के तहत ई-निविदा प्रणाली और सिंगल विंडो सिस्टम ने निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया है, जिससे राज्य निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। इसके साथ ही महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और कामकाजी महिलाओं के लिए सुविधाओं के विस्तार ने सामाजिक समावेशन को भी मजबूती दी है।
सरकार का कहना है कि श्रमिक, युवा, उद्यमी और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर ही वास्तविक विकास संभव है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास, समृद्धि और समान अवसरों की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।



