RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

25 मार्च से 06 अप्रैल तक होगा ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026’ का होगा आयोजन

रायपुर: छत्तीसगढ़ में जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के उद्देश्य से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़-2026’ का आयोजन 25 मार्च से 6 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन रायपुर, सरगुजा और बस्तर के खेल मैदानों में होगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं और राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास तथा खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन वनांचल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

बैठक में मुख्यमंत्री ने खेल अधोसंरचना के निर्माण, खेलो इंडिया की केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन, खेल अकादमियों की गतिविधियों, खेल अलंकरण, युवा महोत्सव और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी खेल परियोजनाओं का निर्माण तय समय सीमा में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी छत्तीसगढ़ को सौंपी है। इस प्रतियोगिता में 7 प्रतिस्पर्धात्मक और 2 प्रदर्शनात्मक खेल शामिल होंगे। रायपुर में तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, तैराकी और कबड्डी (डेमो), सरगुजा में कुश्ती और मलखम्ब (डेमो) तथा बस्तर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन में देश के लगभग 30 राज्यों से करीब 2500 खिलाड़ी और अधिकारी भाग लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही मलखम्ब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखम्ब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी यह दर्शाती है कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार इन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि आने वाले समय में बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में भी बड़े स्तर के खेल आयोजन होंगे, जिससे राज्य की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी। बैठक में मुख्य सचिव विकाश शील सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button