खामेनेई के पोस्टर से भड़का विधानसभा का माहौल, सदन में जमकर हंगामा

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को जोरदार हंगामा देखने को मिला। सदन का माहौल उस समय गरमा गया जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ विधायक ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की तस्वीर लेकर सदन में पहुंचे और उनके समर्थन में नारे लगाने लगे। इस दौरान खामेनेई के पोस्टर भी लहराए गए, जिससे सदन में विवाद की स्थिति बन गई।
इसी बीच कांग्रेस और भाजपा के विधायकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि भाजपा के एक विधायक द्वारा राहुल गांधी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। बहस बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस पर भाजपा विधायक युद्धवीर सेठी ने राहुल गांधी को लेकर टिप्पणी कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ती देख अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की।
हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। विधानसभा में अचानक बने इस तनावपूर्ण माहौल से राजनीतिक माहौल भी गरमा गया।
गौरतलब है कि 28 फरवरी को इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने की खबर सामने आई थी, जिसके बाद कई जगहों पर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक तनवीर सादिक ने कहा कि उनकी पार्टी ईरान के साथ एकजुटता जताती है। उनका कहना था कि किसी भी देश को दूसरे देश पर हमला करने का अधिकार नहीं है और इस घटना की उच्च स्तर पर निंदा होनी चाहिए। उन्होंने ईरान की जनता के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।



