जशपुर को मिली सौगात: मुख्यमंत्री साय ने चार बड़े पुलों के निर्माण को दी मंजूरी

जशपुर | जशपुर जिले में आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर एक और बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने चार वृहद पुलों के निर्माण के लिए कुल 13 करोड़ 46 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
सबसे महत्वपूर्ण स्वीकृति गुलझरिया-बम्हनी मार्ग पर नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुँच मार्ग के निर्माण की है, जिसकी लंबे समय से ग्रामीण मांग कर रहे थे। बरसात के दिनों में नदी पार करने में ग्रामीणों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री साय ने इस पुल निर्माण के लिए 3 करोड़ 66 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके बनने से गुलझरिया और बम्हनी के बीच बसे दर्जनभर से अधिक गांवों के निवासियों को विकासखंड मुख्यालय दुलदुला तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी। साथ ही छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच कनेक्टिविटी हेतु वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध हो सकेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जिले में तीन अन्य पुल निर्माण की भी मंजूरी दी है। इनमें किलकिला से केराकछार मार्ग पर बेनसारी नाला में पुल निर्माण हेतु 1.71 करोड़ रुपये, कांसाबेल से शब्दमुंडा मार्ग पर मैनी नदी में पुराने जर्जर पुल की जगह नए पुल के लिए 3.49 करोड़ रुपये तथा जिला मुख्यालय जशपुर में बांकी नदी पर जर्जर पुल की जगह उच्च स्तरीय नए पुल के निर्माण के लिए 4.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसी भी जिले के विकास का आधार उसका बुनियादी ढांचा होता है। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में पिछले दो वर्षों में सड़क, पुल-पुलिया निर्माण के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।