जनवरी 2026 ऑटो स्पेशल: चार नई SUVs से बाजार में मचेगी हलचल

ऑटो डेस्क: नया साल 2026 भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के लिए बेहद खास रहने वाला है। जनवरी महीने में एक के बाद एक चार नई और अपडेटेड एसयूवी लॉन्च होने जा रही हैं, जो डिजाइन, तकनीक और पावरट्रेन के मामले में बड़े बदलाव लेकर आएंगी। इस लिस्ट में नई जनरेशन किआ सेल्टोस, महिंद्रा XUV 7XO, मारुति ई विटारा और तीसरी पीढ़ी की रेनॉल्ट डस्टर शामिल हैं।
नई जनरेशन किआ सेल्टोस
किआ की बहुप्रतीक्षित नई सेल्टोस की बिक्री 2 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रही है और उसी दिन इसकी कीमतों का भी खुलासा किया जाएगा। कंपनी पहले ही इसकी बुकिंग शुरू कर चुकी है, जबकि डिलीवरी जनवरी के मध्य से शुरू होने की संभावना है।
नई सेल्टोस पहले से ज्यादा लंबी, चौड़ी और स्पेसियस होगी। इसमें अत्याधुनिक फीचर्स के तौर पर पैनोरमिक डिस्प्ले, 10-वे पावर ड्राइवर सीट (मेमोरी और लम्बर सपोर्ट के साथ), पैनोरमिक सनरूफ, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और लेवल-2 ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि इंजन विकल्प मौजूदा मॉडल जैसे ही रखे जा सकते हैं।
महिंद्रा XUV 7XO
महिंद्रा अपनी लोकप्रिय XUV700 के फेसलिफ्ट वर्जन को XUV 7XO नाम से पेश करने जा रही है। इसका डिजाइन महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV XEV 9e से प्रेरित होगा। इसमें डुअल-पॉड LED हेडलाइट्स, पिक्सेल डिजाइन वाली LED टेललाइट्स और नए अलॉय व्हील्स देखने को मिलेंगे।
फीचर्स की बात करें तो इसमें 540-डिग्री कैमरा, नया ADAS इंटरफेस, और इन-कार थिएटर मोड जैसे हाई-टेक फीचर्स शामिल होंगे। इंजन के तौर पर इसमें पहले की तरह 2.0 लीटर टर्बो पेट्रोल और 2.2 लीटर डीजल विकल्प दिए जाने की संभावना है।
मारुति ई विटारा
मारुति सुजुकी की पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक SUV ई विटारा जनवरी 2026 में डीलरशिप पर पहुंच सकती है। यह कार भारत में मारुति की अब तक की सबसे ज्यादा फीचर-लोडेड पेशकश मानी जा रही है।
ई विटारा में 49kWh और 61kWh के दो बैटरी पैक विकल्प मिलेंगे, जिनमें फ्रंट-एक्सल पर इलेक्ट्रिक मोटर दी जाएगी। एक बार चार्ज करने पर यह SUV लंबी रेंज देने में सक्षम होगी और इलेक्ट्रिक सेगमेंट में मारुति की मजबूत एंट्री मानी जा रही है।
नई रेनॉल्ट डस्टर
तीसरी जनरेशन की रेनॉल्ट डस्टर 2026 की सबसे बड़ी लॉन्च में से एक मानी जा रही है। यह SUV नए CMF-B प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी, जिससे इसका डिजाइन और परफॉर्मेंस दोनों पहले से बेहतर होंगे।
नई डस्टर का केबिन ज्यादा प्रीमियम, आधुनिक और फीचर्स से भरपूर होगा। भारत में इसे 1.3 लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.2 लीटर माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।


