RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने रजत जयंती उद्यान को जनसेवा में किया समर्पित

कोरबा। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड क्रमांक 38 लालघाट चेकपोस्ट बस्ती में नवनिर्मित रजत जयंती उद्यान का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों को एक सर्वसुविधायुक्त उद्यान की सौगात मिली।

कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, मेयर इन काउंसिल सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, चेतन सिंह मैत्री, सत्येन्द्र दुबे, मुकुंद सिंह कंवर, मंगल बंदे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा बालको जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 38 लालघाट के चेकपोस्ट बस्ती मुख्य मार्ग में लगभग 21 लाख 50 हजार रुपये की लागत से इस सर्वसुविधायुक्त उद्यान का निर्माण कराया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वर्ष 2025 से मनाए जा रहे रजत जयंती समारोह के तहत इस उद्यान का नाम रजत जयंती उद्यान रखा गया है।

इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था और अब राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर इसे रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस उद्यान का नाम भी उसी उपलक्ष्य में रखा गया है और इसे आज जनता की सेवा के लिए समर्पित किया गया है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारी सरकार ने किया था और आज हमारी ही सरकार प्रदेश को संवारने का कार्य कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के 15 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश का ऐतिहासिक विकास हुआ। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए तेजी से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनआशीर्वाद से देश, प्रदेश और कोरबा में ट्रिपल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार गरीब, मजदूर, किसान, युवा और महिलाओं के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिससे समाज के सभी वर्गों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।

कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बनाए गए रजत जयंती उद्यान की सौगात आज लालघाट चेकपोस्ट बस्ती के नागरिकों को मिली है, जिसके लिए वे सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में कोरबा नगर निगम क्षेत्र का तेजी से विकास हो रहा है और आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान नगर निगम कोरबा ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और वर्षों से चली आ रही अनेक समस्याओं का समाधान किया गया है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button