फर्जी KCC लोन और धान भुगतान को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज में किसानों ने अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पीड़ित किसान सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा रामानुजगंज के सामने धरने पर बैठ गए हैं।
किसानों का आरोप है कि धान बिक्री वर्ष 2025-26 की राशि का भुगतान लंबित है, वहीं फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन के मामलों का भी अब तक समाधान नहीं किया गया है। इन मुद्दों को लेकर किसानों ने 9 जून को प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।

ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने 7 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से नाराज किसानों ने अब अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल भी तेज हो गई है।



