‘मोर वीर’ योजना का शुभारंभ: मलखंब खिलाड़ियों को ₹1 लाख, युवाओं को CM साय की बड़ी सौगात

रायपुर। बिलासपुर स्थित बहतराई स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्य युवा महोत्सव का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़–2026 के शुभंकर ‘मोर वीर’, आधिकारिक थीम सॉन्ग और खेलो इंडिया टॉर्च का लोकार्पण कर युवाओं को खेल और संस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद अबूझमाड़ अंचल से आए खिलाड़ियों ने मलखंब का आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और एथलीट अमित कुमार ने संयुक्त रूप से खेलो इंडिया टॉर्च का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही छत्तीसगढ़ और देश की प्रगति की असली ताकत है। सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और खेल के क्षेत्र में युवाओं को निरंतर अवसर प्रदान कर रही है। यह महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सशक्त माध्यम बनेगा।
युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं
- मलखंब खिलाड़ियों को ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि
- खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को विशेष सम्मान
- अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखंब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का संपूर्ण खर्च राज्य सरकार वहन करेगी
इस राज्य युवा महोत्सव में प्रदेशभर से 3000 से अधिक युवा भाग ले रहे हैं, जो 14 विभिन्न सांस्कृतिक और साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां से चयनित विजेता युवा वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में 1.65 लाख से अधिक युवाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ तेजी से शांति, विश्वास और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की सोच और ऊर्जा पर निर्भर करता है।
वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संकेत दिए कि आने वाले समय में सरगुजा संभाग में भी बड़े स्तर के खेल आयोजनों का आयोजन किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर क्षेत्र के युवा अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान मजबूती से स्थापित कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में युवाओं की उत्साहपूर्ण मौजूदगी देखने को मिली।



