RO.NO. 01
छत्तीसगढ़

भाटापारा में अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 महिलाएं सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

भाटापारा : भाटापारा शहर में अवैध रूप से शराब तस्करी एवं बिक्री करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक, चार महिलाओं सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹19,800 मूल्य की 198 पाव देसी मसाला शराब जब्त की गई है।

पुलिस को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि भाटापारा शहर में महिलाओं एवं अवयस्क बालकों के माध्यम से सुनियोजित तरीके से अवैध शराब की तस्करी और बिक्री की जा रही है। इस पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना भाटापारा शहर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही थी।

इसी दौरान 5 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि कुछ महिलाएं लिमतरा की ओर से अवैध शराब लेकर भाटापारा शहर आ रही हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तरेंगा रोड भाटापारा में नाकाबंदी कर एक ई-रिक्शा को रोका। ई-रिक्शा में चार महिलाएं, एक पुरुष और एक विधि से संघर्षरत बालक सवार थे। तलाशी के दौरान थैलों से कुल 198 पाव देसी मसाला शराब बरामद की गई।

पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी बस के माध्यम से लिमतरा होते हुए टेमरी नांदघाट गए थे, जहां से शराब लेकर ई-रिक्शा के जरिए भाटापारा शहर में बिक्री के लिए लाया जा रहा था। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपियों द्वारा अवैध तस्करी में विधि से संघर्षरत बालक का उपयोग किया जा रहा था।

प्रकरण में थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट, 78 किशोर न्याय अधिनियम एवं 95 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी :

  • सरोजिनी सोनवानी (45 वर्ष), निवासी भगत सिंह वार्ड, भाटापारा
  • सहोद्रा गेंडरे (43 वर्ष), निवासी महासती वार्ड, भाटापारा
  • गुलापा भारती (20 वर्ष), निवासी भगत सिंह वार्ड, भाटापारा
  • दीपाली टंडन (18 वर्ष), निवासी ग्राम मुडियाडीह, थाना पलारी
  • गंगा प्रसाद सतनामी (23 वर्ष), निवासी ग्राम मुडियाडीह, थाना पलारी
  • एक विधि से संघर्षरत बालक

पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this

Kailash Jaiswal

"BBN24 News - ताजा खबरों का सबसे विश्वसनीय स्रोत! पढ़ें छत्तीसगढ़, भारत और दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज, राजनीति, खेल, व्यवसाय, मनोरंजन और अन्य अपडेट सबसे पहले।"

Related Articles

Back to top button