नववर्ष 2026 के पहले दिन सीएम साय एक्शन मोड में, मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक, कवर्धा में भोरमदेव कॉरिडोर का भूमिपूजन

रायपुर। अंग्रेजी नववर्ष 2026 की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक्शन मोड में नजर आएंगे। वर्ष के पहले ही दिन मुख्यमंत्री मंत्रालय (महानदी भवन) में प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा एवं रणनीतिक बैठक करेंगे। यह बैठक सुबह 11 बजे से आयोजित होगी।
इस उच्चस्तरीय बैठक में सभी अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, विशेष सचिव के साथ-साथ प्रदेश के सभी विभागाध्यक्ष शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य राज्य शासन की प्राथमिकताओं की समीक्षा, भावी कार्ययोजनाओं की रूपरेखा तय करना और सुशासन को और अधिक मजबूत करने से जुड़े विषयों पर गहन मंथन करना है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण, समयबद्ध कार्य संस्कृति, निवेश और विकास परियोजनाओं की प्रगति सहित प्रशासनिक सुधारों पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दे सकते हैं कि वर्ष 2026 में शासन का फोकस परिणाम आधारित कार्यप्रणाली और जनता से जुड़े कार्यों की गति बढ़ाने पर रहेगा।
कवर्धा प्रवास पर रहेंगे मुख्यमंत्री
मंत्रालय की बैठक के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कवर्धा जिले के प्रवास पर रवाना होंगे। यहां वे भोरमदेव कॉरिडोर विकास परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन और क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
से भोरमदेव क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवागमन, आधारभूत सुविधाएं और सुव्यवस्थित कॉरिडोर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
विकास और सुशासन के साथ नए साल की शुरुआत
नववर्ष के पहले दिन ही मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक और भोरमदेव जैसी बड़ी विकास परियोजना के भूमिपूजन से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार वर्ष 2026 में सुशासन, विकास और पर्यटन को प्राथमिकता देते हुए तेज निर्णय और ठोस कार्ययोजनाओं के साथ आगे बढ़ेगी।



