रतनपुर में बनेगा भव्य ऑडिटोरियम, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की घोषणा

रतनपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 1 फरवरी को रतनपुर में माघी पूर्णिमा एवं आदिवासी विकास मेला वर्ष–2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने रतनपुर के विकास को गति देने के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। साव ने ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नगर पालिका भवन में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि रतनपुर एक पवित्र और पौराणिक नगरी है, जिसकी ख्याति देश–विदेश में है। उन्होंने कहा कि रतनपुर कभी छत्तीसगढ़ की राजधानी रही है और उसकी ऐतिहासिक गरिमा के अनुरूप विकास कार्य किए जाएंगे। रतनपुर की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रतनपुर को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य हुआ है। उसी क्रम में मां महामाया की कृपा से रतनपुर को भी सजाने–संवारने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रतनपुर के तालाबों के सौंदर्यीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है और इन्हें आकर्षक एवं पर्यटन की दृष्टि से उपयोगी बनाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।




